जौनपुर : खेलमंत्री के ही जिले में नहीं मिल पार रही स्पोर्ट्स कालेज के लिए जमीन
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री के गृह जनपद में स्पोर्ट्स कालेज के लिए 50 एकड़ जमीन नहीं मिल पा रही है, हालांकि सात मई को शासन से आए पत्र के बाद जनपद में इसके लिए जमीन तलाशने का काम चल रहा है। तीन स्थानों पर जमीन देखी भी गई है, लेकिन अभी तक अंतिम निर्णय नहीं हो पाया है।

खेल में युवाओं का भविष्य संवारने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जौनपुर में स्पोर्ट्स कालेज का निर्माण होना है। सात मई को शासन पत्र भी आया है, जिसके मुताबिक स्पोर्ट्स कालेज के लिए 50 एकड़ जमीन की जरूरत है। प्रमुख सचिव अवनीश अवस्थी की ओर से जारी इस पत्र के बाद जमीन की तलाश की गई। इसके लिए शाहगंज क्षेत्र के गैरवाह, खालिसपुर भैंसा और केराकत इलाके के कटरिया में जमीन देखी गई है, लेकिन अभी तक अधिकारी अंतिम निर्णय नहीं ले पाए हैं।


















