जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों के प्रस्तावित ध्वस्तीकरण पर रोक की मांग, राज्यपाल के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन

जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों के प्रस्तावित ध्वस्तीकरण पर रोक की मांग,राज्यपाल के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन

जौनपुर। 
एखलाक खान 
तहलका 24×7 
              समाजवादी अल्पसंख्यक सभा की जौनपुर इकाई ने मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय,रामपुर के 38 भवनों के प्रस्तावित ध्वस्तीकरण पर तत्काल रोक लगाने की मांग को लेकर सोमवार को महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी जौनपुर के माध्यम से सौंपा।जिला महासचिव आरिफ हबीब एवं प्रदेश सचिव डॉ.गयासुद्दीन प्रधान के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा कि जौहर विश्वविद्यालय हजारों विद्यार्थियों,शिक्षकों,कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों के भविष्य से जुड़ा एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक संस्थान है।
इसलिए विश्वविद्यालय से संबंधित किसी प्रशासनिक अथवा कानूनी कार्रवाई को संविधान और विधि के अनुरुप तथा छात्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किया जाना चाहिए।ज्ञापन में मांग की गई कि यदि विश्वविद्यालय की भूमि अथवा निर्माण से संबंधित कोई विवाद है तो उसका समाधान न्यायिक एवं विधिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाए।ऐसा कोई कदम न उठाया जाए,जिससे विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित हो और समाज में असुरक्षा का वातावरण उत्पन्न हो।
प्रतिनिधिमंडल ने दावा किया कि विश्वविद्यालय के निर्माण के समय संबंधित क्षेत्र ग्राम पंचायत के अधीन था, जहां तत्कालीन नियमों के अनुसार निर्माण अनुमति की आवश्यकता नहीं थी।बाद में उक्त क्षेत्र को रामपुर विकास प्राधिकरण की सीमा में शामिल किया गया।ऐसे में संगठन का आरोप है कि वर्तमान प्रस्तावित कार्रवाई तथ्यों और विधिक पहलुओं की समुचित समीक्षा किए बिना की जा रही है।समाजवादी अल्पसंख्यक सभा ने राज्यपाल से जनहित और छात्रहित को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के बाद ही कोई निर्णय लेने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अनवारूल हक,कलीम अहमद, मौलाना अनवार कासमी,डॉ.शबनम नाज़,कमाल आजमी,मो.अरशद कुरैशी,अलमास सिद्दीकी,मो.फैजी, शहनवाज अहमद,मो.साबिर,मो.आसिफ,सरताज बानो सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Previous articleकौशल त्रिपाठी बने लायंस क्लब क्षितिज के अध्यक्ष, संगठन को मिला बेस्ट क्लब ऑफ द ईयर व सर्वाधिक रक्तदान का सम्मान
Next articleखेत में ले जाकर मारपीट, जबरन स्टाम्प पेपर पर लगवाया अंगूठा, जहर पिलाने का आरोप
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?