थाने के मालखाने से पिस्टल और कारतूस गायब, रिटायर्ड दीवान पर मुकदमा

थाने के मालखाने से पिस्टल और कारतूस गायब,रिटायर्ड दीवान पर मुकदमा

गोरखपुर। 
तहलका 24×7 
               जिले के सहजनवा थाने के मालखाने से एक पिस्टल और कारतूस गायब होने का मामला सामने आया है।घटना की जानकारी होने के बाद थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र की तहरीर पर सेवानिवृत्त मुख्य आरक्षी दीनानाथ पाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार गायब पिस्टल और कारतूस वर्ष 2018 में सहजनवा क्षेत्र के लुचुई गांव में हुए फायरिंग और हत्या के प्रयास के एक चर्चित मुकदमे से संबंधित थे।पुलिस ने उस समय आरोपितों के कब्जे से असलहा और कारतूस बरामद किए थे,जिन्हें विधिक प्रक्रिया के तहत फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था।फॉरेंसिक परीक्षण के बाद 25 मई 2019 को पिस्टल और कारतूस सहजनवा थाने के मालखाने में जमा किए गए।
अभिलेखों के मुताबिक विशेष वाहक कमलेश कुमार ने यह सामान तत्कालीन मालखाना प्रभारी एवं मुख्य आरक्षी दीनानाथ पाल को सुपुर्द किया था,जिसकी प्रविष्टि मालखाना रजिस्टर में भी दर्ज है।करीब छह माह पूर्व मालखाने का चार्ज हस्तांतरण किए जाने के दौरान रिकॉर्ड में दर्ज उक्त पिस्टल और कारतूस नहीं मिले।इसके बाद विभागीय जांच शुरु की गई।
जांच में तत्कालीन मालखाना प्रभारी दीनानाथ पाल की भूमिका और लापरवाही सामने आने की बात कही गई है।थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र की तहरीर पर पुलिस ने दीनानाथ पाल निवासी रक्शा,थाना लालगंज,जनपद बस्ती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि न्यायिक प्रक्रिया में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रुप में दर्ज असलहा और कारतूस मालखाने से आखिर कैसे गायब हुए।
गौरतलब है कि वर्ष 2018 में लुचुई निवासी सत्यप्रकाश यादव की शिकायत पर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर सर्वशक्ति यादव,शक्ति यादव और निखिल यादव के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।विवेचना के दौरान बरामद की गई पिस्टल और कारतूस इस मामले के अहम साक्ष्य माने जा रहे थे।
Previous articleइराकियाना कप सीजन-3 का खिताब पीबीसी भदोही के नाम
Next articleयूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में बड़ी चूक, मोबाइल समेत पकड़ा गया अभ्यर्थी, दो दरोगा सहित छह पुलिसकर्मी निलंबित
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?