“दाने-दाने में केसर का स्वाद” विज्ञापन पर आयोग सख्त,फिल्मी सितारों समेत कंपनी को नोटिस
जयपुर।
तहलका 24×7
पान मसाला के एक विज्ञापन में किए गए “दाने-दाने में केसर का स्वाद” वाले दावे को लेकर जयपुर जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने अभिनेता शाहरुख खान,अजय देवगन,टाइगर श्रॉफ सहित संबंधित कंपनी को नोटिस जारी किया है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बेहद कम कीमत में बिकने वाले पान मसाला उत्पाद को विज्ञापन में केसर जैसे महंगे पदार्थ से जोड़कर प्रचारित किया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को भ्रमित किया जा सकता है। शिकायतकर्ता ने सवाल उठाया है कि कम कीमत वाले उत्पाद में केसर की मौजूदगी संबंधी दावा किस हद तक सही है।आयोग ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित पक्षों से जवाब तलब किया है।शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि लोकप्रिय फिल्मी हस्तियों द्वारा ऐसे उत्पादों का प्रचार किए जाने से युवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

मामले में यह तर्क भी दिया गया है कि करोड़ों युवा इन कलाकारों को अपना आदर्श मानते हैं और उनके द्वारा प्रचारित उत्पादों से प्रभावित होते हैं।ऐसे में विज्ञापनों में किए गए दावों की सत्यता और उपभोक्ता हितों की रक्षा सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।फिलहाल आयोग ने सभी संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर उनका पक्ष मांगा है।मामले की अगली सुनवाई में प्राप्त जवाबों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

















