बेटे के जन्मदिन पर ससुराल पहुंचे दामाद ने बरसाईं गोलियां, सास समेत तीन महिलाएं गंभीर

बेटे के जन्मदिन पर ससुराल पहुंचे दामाद ने बरसाईं गोलियां,सास समेत तीन महिलाएं गंभीर

मुजफ्फरनगर। 
तहलका 24×7 
             सिविल लाइन थाना क्षेत्र की पंचशील कॉलोनी में सोमवार शाम रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई।बेटे के जन्मदिन पर ससुराल पहुंचे दामाद ने मामूली विवाद के बाद लाइसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।घटना में सास समेत परिवार की तीन महिलाएं गंभीर रुप से घायल हो गईं।वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार देहरादून निवासी अनंत मित्तल अपने 13 वर्षीय बेटे यशराज मित्तल को लेकर कार से ससुराल पहुंचे थे।
बेटे का जन्मदिन होने के चलते वह परिवार से मिलने आए थे।इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरु कर दी।पुलिस के मुताबिक आरोपी ने चार से पांच राउंड फायरिंग की,जबकि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब छह गोलियां चलाई गईं।फायरिंग में आरोपी की सास समा मित्तल,साले की पत्नी अपूर्वा और चाची सास सविता गोली लगने से घायल हो गईं।दो महिलाओं को पेट में गोली लगी,जबकि एक महिला के कंधे में गोली लगी है। समा मित्तल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी संजय कुमार वर्मा पुलिस बल,फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे।पुलिस ने आरोपी अनंत मित्तल को हिरासत में लेते हुए वारदात में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल कब्जे में ले ली।घायलों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर तीनों महिलाओं को मेरठ रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि अनंत मित्तल और राधिका मित्तल का वर्ष 2012 में प्रेम विवाह हुआ था।
शादी के बाद से दोनों के बीच घरेलू विवाद चल रहा था और मामला न्यायालय में विचाराधीन है।राधिका लंबे समय से मायके में रह रही थी,जबकि बेटा यशराज अपने पिता के साथ देहरादून में रहकर पढ़ाई कर रहा था।एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद और बच्चे की कस्टडी को लेकर मामला हाईकोर्ट में चल रहा है।प्रारंभिक जांच में कहासुनी के बाद फायरिंग की बात सामने आई है।पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
Previous articleदहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की हत्या का आरोप, पति समेत पांच पर केस दर्ज
Next articleनिजीकरण के विरोध में बिजलीकर्मियों का प्रदर्शन, दमनात्मक कार्रवाइयों पर जताया आक्रोश
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?