मंज़िल से चंद मीटर पहले पलटी दाल लदी डीसीएम
# चालक को आई झपकी बनी हादसे की वजह
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
कस्बे के समीप एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया, जब दाल लदी डीसीएम वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई।गनीमत रही कि वाहन में सवार चालक व परिचालक दुर्घटना में बाल-बाल बच गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।जानकारी के अनुसार वाराणसी से दाल लेकर खेतासराय आ रही डीसीएम भोर में लगभग तीन बजे कस्बे के पास हबीब हॉस्पिटल से लगभग 100 मीटर दूर लुंबिनी–दुद्धी राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

चालक को अचानक नींद की झपकी आ जाने के कारण वाहन असंतुलित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा पलटा। वाहन चालक विक्की यादव ने बताया कि वे रात में वाहन चलाकर वाराणसी से खेतासराय की ओर आ रहे थे। भोर के समय अत्यधिक थकान के कारण उन्हें झपकी आ गई, जिससे वाहन पर नियंत्रण नहीं रह सका और डीसीएम सड़क से नीचे खाई में चली गई। उन्होंने बताया कि वाहन में उनके साथ परिचालक अरविंद कुमार प्रजापति भी मौजूद थे, जो सुरक्षित बच गए।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों की मदद से चालक और परिचालक को वाहन से बाहर निकाला गया। हालांकि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन को भारी नुकसान पहुंचा और उसमें लदी दाल भी आंशिक रुप से बर्बाद हुई। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित लोगों द्वारा दूसरी गाड़ी की व्यवस्था कर दाल को गंतव्य तक भेजने की प्रक्रिया शुरु कर दी गई।
















