रंजिश में युवक को कार से टक्कर मारने का आरोप, हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
लाइन बाजार थाना क्षेत्र के विशेषरपुर में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक को कार से टक्कर मारकर गंभीर रुप से घायल करने के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस के अनुसार घटना 10 जुलाई की रात की है।

विशेषरपुर पंचहटिया निवासी अरुण कुमार उर्फ बंटी पुत्र स्वर्गीय प्रेम कुमार ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि रात करीब 11 बजे विशेषरपुर चौराहे पर उसकी गांव के ही उदयराज गौतम से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी।कुछ देर में बाद मामला शांत हो गया और वह घर लौटकर सोने चला गया।आरोप है कि रात करीब 11:30 बजे उदयराज गौतम कार लेकर उसके घर पहुंचा और एक युवक के माध्यम से उसे बाहर बुलवाया।

घर से बाहर निकलते ही आरोपी ने उस पर कार चढ़ाने का प्रयास किया,जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया।हादसे में अरुण का दाहिना पैर टूट गया तथा शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं।घटना के बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया।परिजनों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।लाइन बाजार पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी उदयराज गौतम निवासी विशेषरपुर के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
















