लगातार हुई बारिश से जनजीवन हुआ अस्त व्यस्त, किसान खुश
पिंडरा, वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
ग्रामीण क्षेत्रों में गुरुवार की सायंकाल से शुरु हुई बारिश शुक्रवार को सुबह तक हुई। जिससे जहां आम जनजीवन बाधित रहा वही जगह जगह पेड़ व कच्चे घर गिरने से लोग परेशान रहे, वहीं खेतों में पानी भरने से किसान खुश नजर आए। रक्षाबंधन पर्व के पूर्व संध्या पर बादल हटने से बाजारों में रौनक दिखी।बताते चलें कि लगातार 17 घण्टे तक हुई बारिश से खेत खलिहान पानी से लबालब दिखे।

जिससे धान की रोपाई कर सिर झुकाए बैठे किसानों के चेहरे खिल उठे। लेकिन साग सब्जी की फसलों को नुकसान पहुंचा। पिंडरा, फूलपुर, सिंधोरा, गरथमा, ओदार, मंगारी, बाबतपुर, कठिराव व कुआर समेत अनेक बाजारों में जलजमाव दिखा। असलवापुर में रामधनी पटेल के आवासीय मड़ई पर विशाल नीम का पेड़ गिरने से घर गृहस्थी का सामान बरबाद हो गया।

जिससे परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया। इसके अलावा कई जगहों पर पेड़ गिरने से लोग परेशान रहे, लेकिन कोई नुकसान नही हुआ।सुबह 12 बजे के बाद मौसम साफ होने पर राहत की सांस ली और बाजारों में चहल पहल दिखी। राखी व मिठाई के दुकानों पर भीड़ दिखी।
















