सुल्तानपुर : टप्पेबाजी के आरोप में भाजपा आईटी सेल के कार्यकर्ता को पुलिस ने उठाया

सुल्तानपुर : टप्पेबाजी के आरोप में भाजपा आईटी सेल के कार्यकर्ता को पुलिस ने उठाया

# भाजपा विधायक ने कार्यकर्ताओं संग कोतवाली घेरा, सीसीटीवी फुटेज के आधार कार्यवाही में जुटी पुलिस 

कादीपुर।
ज़ेया अनवर 
तहलका 24×7 
              ब्लॉक के सामने शुक्रवार को बाइक की डिक्की से साढ़े तीन लाख रुपये की टप्पेबाजी की घटना में पुलिस ने संदेह के आधार पर भाजपा के आईटी सेल के एक कार्यकर्ता को हिरासत में ले लिया। आरोप है कि पुलिस ने रात भर कार्यकर्ता को प्रताड़ित किया। शनिवार को इसकी जानकारी होने पर भाजपा विधायक समर्थकों के साथ कादीपुर कोतवाली पहुंच गए। विधायक ने गेट पर ही इंस्पेक्टर को जमकर फटकार लगाई। विवाद बढ़ने पर सीओ मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर विधायक के साथ बैठक की। सीओ ने विधायक को घटना का जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
क्षेत्र के बनकेगांव निवासी ओम प्रकाश सिंह ने शुक्रवार को अपने दोस्त रामजीत मौर्य को चेक देकर सेंट्रल बैंक की स्थानीय शाखा से साढ़े तीन लाख रुपये निकलवाया था। रामजीत मौर्य उन्हें रुपये देकर कहीं चले गए थे। रुपयों से भरे बैग को ओम प्रकाश सिंह अपनी बाइक की डिक्की में रखकर ब्लॉक के सामने एक दुकान पर पहुंचे थे। वहां बाइक खड़ी कर वे किसी काम से चले गए थे। थोड़ी देर बाद जब वे वापस बाइक के पास पहुंचे तो देखा कि डिक्की में रखा रुपयों से भरा बैग गायब था। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में पूरी घटना कैद हुई थी। पुलिस केस दर्ज कर तफ्तीश कर रही थी। इस बीच रात में ही पुलिस टीम भाजपा आईटी सेल के कार्यकर्ता शिवम सिंह निवासी बनके को घर से उठाकर कोतवाली पहुंची। पुलिस ने टप्पेबाजी की घटना के बारे में शिवम सिंह से पूछताछ की।
शनिवार को शिवम सिंह के परिजनों ने भाजपा विधायक राजेश गौतम से मुलाकात कर बेटे को घर से उठाकर पीटने का आरोप लगाया। उसके बाद विधायक समर्थकों के साथ सीधे कोतवाली पहुंच गए। विधायक ने इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह को गेट पर बुलाकर जमकर फटकार लगाई। विधायक ने शिवम को घर से उठाने के बाद उसे लॉकअप में बंद कर पीटने का आरोप लगाया। विधायक और इंस्पेक्टर के बीच हो रही कहासुनी की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी शिवम मिश्रा मौके पर पहुंच गए। सीओ ने विधायक से बात की और उन्हें बुलाकर गेस्ट हाउस ले गए। विधायक और प्रशासन के बीच वार्ता हुई। इसके बाद सीओ ने विधायक को आश्वासन दिया कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने शिवम को अभिरक्षा में लिया है।

# पुलिस पर लगाया थर्ड डिग्री का आरोप

भाजपा विधायक राजेश गौतम के साथ कोतवाली पहुंचने वाले लोगों में भाजपा के महामंत्री घनश्याम चौहान, मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र पाठक, सर्वेश सिंह, राजेश सिंह, प्रदीप कुमार बग्गा, व्यापार मंडल अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल आदि ने पुलिस पर आईटी सेल के कार्यकर्ता शिवम को लॉकअप में बंद कर थर्ड डिग्री देने का आरोप लगाया।
Previous articleकानपुर : डाक्टर से एकतरफा प्यार में पागल सनकी को अस्पताल कर्मियों ने धुना 
Next articleबांदा : फौजी ससुर ने किया बहु के साथ दुष्कर्म का प्रयास, केस दर्ज 
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?