सुल्तानपुर : महिला सर्राफ से दिनदहाड़े बदमाशों ने लूटे ढाई लाख के जेवरात

सुल्तानपुर : महिला सर्राफ से दिनदहाड़े बदमाशों ने लूटे ढाई लाख के जेवरात

सुल्तानपुर।
ज़ेया अनवर
तहलका 24×7
                    शहर के चौक घंटाघर बाजार में रविवार दोपहर सोने के जेवरात खरीदने के बहाने एक दुकान पर पहुंचे दो बदमाशों ने महिला सर्राफ से ढाई लाख रुपये कीमत के जेवरात लूट लिए। दुकान के कर्मचारी ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की तो लुटेरे उसे धक्का देकर गिरा दिया। दिनदहाड़े हुई लूट की घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने शहर कोतवाली को घेर लिया। सूचना पर पहुंचे सीओ ने छानबीन की। बताया कि दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।
चौक घंटाघर (ठेठेरी बाजार) में जिले के बड़े सर्राफ कारोबारियों में शामिल रहे स्व. बच्चा सेठ की बहू सिम्मी सेठ पत्नी राजकुमार की सोने व चांदी के आभूषणों की दुकान है। रविवार दोपहर करीब एक बजे दुकान पर साफ-सफाई चल रही थी, तभी एक बाइक से दो युवक दुकान पर पहुंचे और सोने के जेवरात दिखाने को कहा। दुकान पर मौजूद सिम्मी सेठ ने कहा कि रविवार बंदी का दिन है, लिहाजा बाद में आना। एक युवक ने कहा कि दो दिन पूर्व जेवरात देखे थे। दोनों ने जेवरात की खरीद को जरूरी बताया। इसके बाद सिम्मी सेठ ने एक युवक को दुकान में आने की इजाजत दी और उसके सामने जेवरात से भरा बॉक्स रख दिया। इतने में बदमाश ने सिम्मी को धक्का देकर गिरा दिया और बॉक्स लेकर दुकान से बाहर की ओर भागा। बाहर दूसरा युवक बाइक स्टॉर्ट करके पहले से ही खड़ा था।
लुटेरे सोने के जेवरात से भरा बॉक्स लेकर बाइक पर सवार हुए थे कि दुकान में सफाई कर रहा कर्मचारी ने दौड़कर पीछे बैठे युवक को पकड़ लिया। इस पर लुटेरे ने कर्मचारी को धक्का देकर गिरा दिया। आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते दोनों लुटेरे फरार हो गए। दिनदहाड़े चौक इलाके में हुई लूट की घटना की सूचना मिलते ही व्यापारी में रोष फैल गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में व्यापारियों ने कोतवाली नगर पहुंचकर घेराव कर दिया। सूचना मिलते ही सीओ सिटी राघवेंद्र चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में सिम्मी सेठ से पूछताछ की। सिम्मी ने बताया कि बॉक्स में ढाई लाख रुपये कीमत के जेवरात थे। सीओ ने बताया कि सिम्मी सेठ के बेटे अभिनव सेठ की तहरीर पर दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है।

# सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात

महिला सर्राफ सिम्मी सेठ के साथ चौक घंटाघर क्षेत्र में हुई लूट की घटना दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाल रही है। लुटेरों की पहचान करने में फुटेज से मदद मिलने की उम्मीद है।

# व्यापारी नेता पहुंचे कोतवाली

घटना की सूचना पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री रवींद्र त्रिपाठी, सर्राफा व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद, व्यापारी अभिनव बाबा दर्जनों व्यापारियों के साथ कोतवाली पहुंच गए। रवींद्र त्रिपाठी ने घटना के शीघ्र खुलासे की मांग करते हुए एसपी सोमेन बर्मा से फोन पर बात की।
Previous articleसुल्तानपुर : जिले के 56,278 गरीबों को छत की दरकार
Next articleआजमगढ़ : किशोरी संग गैंगरेप का आरोपी मुठभेड़ में घायल, गिफ्तार
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?