सैलून में बैठे युवक पर फायरिंग, बाल-बाल बचा
जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के मेढ़ा मोड़ स्थित एक सैलून में बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने युवक पर जानलेवा हमला कर दिया।बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में युवक बाल-बाल बच गया।घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।रामीपुर गांव निवासी आशीष मिश्रा मेढ़ा मोड़ स्थित एक सैलून में शेविंग करा रहे थे।

इसी दौरान बाइक से पहुंचे दो नकाबपोश युवकों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहली गोली आशीष के बेहद करीब से गुजरते हुए दीवार में जा लगी,जबकि दूसरी गोली भी निशाना चूक गई। अचानक हुई गोलीबारी से सैलून में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।आशीष मिश्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे,लेकिन तब तक हमलावर रतासी बाजार की ओर फरार हो चुके थे।

सूचना मिलने पर डायल-112 और सिंगरामऊ पुलिस मौके पर पहुंची।पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर लोगों से पूछताछ की।घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।थानाध्यक्ष सैय्यद हसनैन मुंतजिर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला किसी पुराने विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है।
















