सोने की दुकान में दबंगों का तांडव, जमकर मारपीट
# सिकरारा के गुलजारगंज की घटना, वायरल वीडियो के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
सिकरारा थाना क्षेत्र के गुलजारगंज बाजार स्थित एक सोने की दुकान में घुसकर कुछ दबंगों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,कुछ लोग दुकान में पहुंचे और किसी बात को लेकर विवाद होने के बाद उन्होंने दुकान के भीतर ही मारपीट शुरु कर दी।
अचानक हुई इस घटना से दुकान में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।इस दौरान मौजूद ग्राहकों और आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल रहा।बताया जा रहा है कि पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों और मौके पर मौजूद लोगों के मोबाइल फोन में कैद हो गई।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है।

सूचना मिलने पर सिकरारा पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।पुलिस वायरल वीडियो की मदद से आरोपितों की पहचान करने में जुटी है।अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।घटना को लेकर स्थानीय व्यापारियों में रोष व्याप्त है।

व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।उनका कहना है कि बाजार में इस प्रकार की घटनाएं व्यापारियों के बीच भय का माहौल पैदा करती हैं,इसलिए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई आवश्यक है।


















