हर पात्र तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ: गीता बिन्द
# महिला सुरक्षा,स्वास्थ्य और जनकल्याणकारी योजनाओं पर जागरुकता शिविर आयोजित, अधिकारियों ने दी योजनाओं की जानकारी
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
सोंधी विकास खंड सभागार में बुधवार को महिला एवं बाल विकास,मिशन शक्ति तथा विभिन्न विभागों के संयुक्त तत्वावधान में जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता बिन्द रहीं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।

अपने संबोधन में गीता बिन्द ने कहा कि सरकार महिलाओं,बच्चों,किसानों,गरीबों एवं जरुरतमंदों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचे,इसके लिए अधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण पर विशेष जोर देते हुए महिला हेल्पलाइन एवं अन्य टोल फ्री नंबरों की जानकारी दी।साथ ही महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न,हिंसा या अन्य समस्या की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन और पुलिस की सहायता लें।

शिविर में बाल विकास एवं पुष्टाहार,स्वास्थ्य,पंचायती राज, पुलिस तथा अन्य विभागों के अधिकारियों ने अपनी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्रता,आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ के बारे में विस्तार से बताया। मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों,सुरक्षा उपायों तथा महिला संबंधी अपराधों के प्रति जागरुक करते हुए प्रचार सामग्री और पंपलेट भी वितरित किए।कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी गजेंद्र प्रताप सिंह ने की।

उन्होंने सभी विभागों से समन्वय स्थापित कर शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.अरुण कुमार यादव,जिला प्रोबेशन अधिकारी विजय कुमार पाण्डेय,अजीत कुमार सिंह,डॉ.मसूद अहमद खान,सुपरवाइजर अनीता,डॉ.एहतेसामुद्दीन,चंदन राय सहित बड़ी संख्या में महिलाएं,आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, स्वयं सहायता समूह की सदस्य एवं ग्रामीण मौजूद रहे।


















