आजमगढ़ : देर रात गायब किशोरी सुबह अचेतावस्था में मिली पोखरे के किनारे
जीयनपुर। फैज़ान अहमद तहलका 24×7 कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मां के साथ ननिहाल आई किशोरी शुक्रवार की भोर में घर से 50 मीटर दूर पोखरे के किनारे अचेतावस्था में मिली। उसका मुंह चद्दर से बांधा हुआ था। लोगों ने दुराचार की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जीयनपुर कोतवाली के एक गांव निवासी व्यक्ति की दो बेटियां हैं। एक बेटी की शादी अतरौलिया थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई है, जो अपनी तीन बेटियों और एक बेटे के साथ मायके में ही रहती है। परिजनों के मुताबिक बृहस्पतिवार की सभी भोजन के बाद सो गए। मायके में रही महिला की 16 वर्षीय बेटी शुक्रवार की भोर में घर से 50 मीटर की दूरी पर स्थित पोखरे के किनारे पड़ी मिली। इसकी जानकारी पीड़ित परिवार को तब हुई, जब पोखरे किनारे टहलने निकले कुछ लोगों की नजर बेहोशी की हालत में चद्दर से लिपटी किशोरी पर पड़ी। शोर सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अजमतगढ़ ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टर ने पीड़िता को बेहतर इलाज के लिए महिला अस्पताल आजमगढ़ रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी होने पर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय मौके पर पहुंचे। लोग दुराचार की भी आशंका जता रहे हैं। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सीओ सगड़ी अनिल कुमार वर्मा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर पर दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।