जौनपुर : मातृ शिक्षण संस्था की अनवरत सेवा करने की है अभिलाषा- ज्ञान प्रकाश सिंह
# टीडी इण्टर कॉलेज के पुनर्निर्मित जीव विज्ञान प्रयोगशाला कक्ष का हुआ लोकार्पण
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
टीडी इण्टर कॉलेज के पुनर्निर्मित जीव विज्ञान प्रयोगशाला कक्ष का लोकार्पण समाजसेवी ज्ञानप्रकाश सिंह ने शीलापट्ट का अनावरण करके किया। लोकार्पण समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि समाजसेवी ज्ञानप्रकाश सिंह ने कहा कि टीडी इण्टर कॉलेज का छात्र रहने का कारण गौरवान्वित अनुभूति करते हैं।मातृ शिक्षण संस्था की अनवरत सेवा करते रहने का मैं सदैव अभिलाषा करता रहता हूँ। संस्था के प्रति योगदान से हम गुरुऋण से मुक्त होने का प्रयास करते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि आईआईटी तथा चिकित्सा शिक्षण संस्था में प्रवेश लेने वाले छात्रों को मैं गोद लेकर उन्हें समस्त सुविधा प्रदान करूँगा। शिक्षण संस्था के प्रधानाचार्य डॉ वीरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षण संस्था स्थानीय समाज का आलोक स्तम्भ होता है। समाज में सम्पन्न जन का दायित्व है कि संस्था को भौतिक रूप से समृद्धि करें। इस श्रृंखला में योगदान हेतु ज्ञान प्रकाश का योगदान स्तुत्य है। प्रबन्धक सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि ज्ञान प्रकाश सिंह जी का योगदान सभी के लिए अनुकरणीय है।समारोह में प्रो. तिलकधारी सिंह मेधा पुरस्कार का भी वितरण मुख्य अतिथि के द्वारा किया गया। रूबी गौतम, नीरज चौधरी, पलक मोदनवाल, साहिल शर्मा, सत्यम पाल को क्रमशः प्रथम हेतु 2500/, द्वितीय हेतु 2100/, तृतीय हेतु 1700/, चतुर्थ हेतु 1500/ एवं पंचम हेतु 1300/ के साथ प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।


















