सड़क हादसे में एक की मौत, तीन गंभीर
सुइथाकला, जौनपुर।
राजेश चौबे
तहलका 24×7
क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसे में एक युवक की जहां अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई, वहीं तीन अन्य की हालत गंभीर है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए विधिक कार्रवाई शुरु कर दी है।बताया जा रहा है कि बुधवार देर शाम क्षेत्र के जूड़ापुर गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आए हुए खुटहन थाना क्षेत्र के सियरावासी गांव निवासी बाइक सवार बाप बेटे भागवत प्रसाद तिवारी (75) व शिवप्रकाश तिवारी गंभीर रुप से घायल हो गए।

वह सुइथाकला गांव में निमंत्रण कर घर वापसी कर रहे थे। वहीं पटैला गांव स्थित बेटी के घर से वापसी के दौरान सरपतहा थाना क्षेत्र के खगपुरा गांव निवासी बाइक सवार सगे भाई अच्छेलाल (45) व धर्मेन्द्र (30) पुत्रगण जगेश्वर क्षेत्र के ईसापुर गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रुप से घायल हो गए। आनन-फानन में सभी को सीएचसी ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देख चारों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने जहां भागवत प्रसाद तिवारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य तीनों को उपचार के लिए भर्ती कर लिया। जहां तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज अन्य विधिक कार्रवाई शुरु की।

















