सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों ठगने वाले गैंग का सरगना दिलीप बलवानी गिरफ्तार
# कब्जे से कूटरचित 11 फर्जी नियुक्ति पत्र, 6 मुहर व 5 मोबाइल फोन बरामद
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
यूपी एसटीएफ ने सचिवालय में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर सैकड़ों लोगों से लाखों रूपयों की ठगी करने वाले गिरोह के सरगना दिलीप राय बलवानी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी इससे पहले भी धोखाधड़ी के मामले में जेल की सजा काट चुका है। उसके खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में 11 मामले दर्ज है, जिनमें से 8 मुकदमे अकेले लखनऊ में दर्ज हैं।

एसटीएफ ने आरोपी को राजधानी लखनऊ के विभूतिखंड थाना क्षेत्र से दबोचा। आरोपी के कब्जे के कूटरचित 11 फर्जी नियुक्ति पत्र, 6 मुहर और 05 मोबाइल फोन बरामद किये गये। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दिलीप राय पुत्र श्यामबली निवासी ग्राम डेमरूआ, थाना सिकरारा जनपद जौनपुर के रूप में की गई। एसटीएफ को राजघानी लखनऊ में सचिवालय में विभिन्न पदों पर सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले कुख्यातों के बारे में सूचनाएं मिल रही थी। इन ठगों की धरपकड़ के लिये एसटीएफ ने एक टीम का गठन किया। टीम को जानकारी मिली की इसी तरह की ठगी के मामले में विभूतिखंड थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है।

ठगों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी एसटीएफ टीम को जानकारी मिली कि विभिन्न सरकारी पदों पर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला डिकेथनाम कॉम्पलैक्स, थाना विभूतिखंड क्षेत्र में आने वाला है। आरोपी यहां किसी को नियुक्ति पत्र देने आने वाला था। एसटीएफ ने जाल बिछाकर नियुक्ति पत्र लेकर आये ठग को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त दिलीप राय ने एसटीएफ को पूछताछ में बताया कि उसका भाई मंजीत भी सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर सैकड़ों लोगों से धोखाधड़ी कर चुका है। जब पैसे देने वाले ये लोग ज्यादा दबाव बनाते हैं तो वह (दिलीप राय) उन्हे सरकारी विभागों के फर्जी नियुक्ति पत्र थमा देता है। बरामद नियुक्ति पत्र मंजीत द्वारा बनाये गये हैं।

















