अलीगढ़ : नेग-न्योछावर के लिए इलाके को लेकर दो किन्नर गुटों में हुई मारपीट
अलीगढ़/लखनऊ।
आर एस वर्मा
तहलका 24×7
अलीगढ़ में सीमा विवाद को लेकर किन्नरों के दो गुट आपस में भिड़ गए। इस दौरान किन्नरों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। डीएसपी का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।मामला अलीगढ़ के सिविल लाइन व क्वार्सी थाना इलाके के मैरिस रोड का है, यहां दूसरे इलाके के किन्नर नेग-न्योछावर लेने पहुंचे थे इस दौरान किन्नरों के दो गुट आपस में भिड़ गए।

उसके बाद किन्नरों ने बीच सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को अलग-अलग थानों में भेज दिया। जहां उनसे लिखित में शिकायत ली गई। इसके बाद दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर भेज दिया।दोनों किन्नर गुटों में इलाके में नेग-न्योछावर मांगने को लेकर विवाद हुआ है। किन्नर वैशाली व शिवम ने बताया कि हम लोगों में एक पंचायत के दौरान तय हुआ था कि हम इस इलाके में मांगने जाएंगे, लेकिन जब हम मैरिस रोड इलाके में मांगने पहुंचे तो दूसरा पक्ष भी वहां पहुंच गया इसके बाद वहां हमारे साथ दूसरे किन्नर पक्ष ने मारपीट कर दी। इस मामले को लेकर डीएसपी श्वेताभ पांडेय ने बताया कि दोनों किन्नर गुटों में इलाके को लेकर मारपीट हुई है दोनों पक्षों को थाने में बुलाया गया है इनसे शिकायती पत्र लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















