आजमगढ़ : कोचिंग पढ़ने आई छात्रा को छात्रा ने मारा चाकू
आजमगढ़। फैज़ान अहमद तहलका 24×7 रौनापार कस्बा स्थित एक कोचिंग संस्थान में शुक्रवार को तीन माह बाद पढ़ने आई छात्रा ने दूसरी छात्रा पर चाकू से हमला कर दिया। घटना से हड़कंप मच गया। घायल छात्रा को इलाज के लिए सीएचसी हरैया पर भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष की तरफ से थाने पर तहरीर दे दी गई है। पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुटी है।
रौनापार थाना क्षेत्र के साहडीह गांव निवासिनी गुड़िया मौर्या (20) रौनापार कस्बा स्थित एक कोचिंग पर तैयारी कर रही है। रोज की भांति शुक्रवार को भी वह कोचिंग पर पढ़ने पहुंची थी। इसी दौरान कोचिंग पर पढ़ने वाली एक अन्य छात्रा सरोज निवासी कस्बा रौनापार ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे गुड़िया के शरीर पर कई जगह चोट आई है। बीच बचाव करने पहुंचे अध्यापक दिव्यांशु (27) निवासी इस्माइलपुर को भी चाकू लगा है। घटना के बाद चाकू से हमला करने वाली सरोज मौके से फरार हो गई। वहीं घायल गुड़िया व शिक्षक दिव्यांशु को इलाज के लिए सीएचसी हरैया ले जाया गया।
घायल गुड़िया ने घटना के बाबत थाने पर हमला करने वाली सरोज के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर जांच पड़ताल में जुट गई है। घटना के बाबत पीड़िता का कहना है कि वह छह माह से कोचिंग कर रही है जबकि सरोज डेढ़ साल से कोचिंग में पढ़ रही है। तीन माह से सरोज अनुपस्थित चल रही थी। शुक्रवार को वह कोचिंग आयी और अचानक से उस पर चाकू से हमला बोल दिया। इसके पीछे कारण क्या था यह पीड़िता नहीं बता सकी और हमलावर से ही इस बाबत पूछे जाने की बात कही। इस मामले में एसओ अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि अभी चाकूबाजी की घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।