आजमगढ़ : लोकसभा उप चुनाव ! 70 कंपनी पैरा मिलिट्री फोर्स करेगी चुनाव की निगेहबानी
आजमगढ़।
फैज़ान अहमद
तहलका 24×7
लोकसभा उप चुनाव की घोषणा होते ही प्रशासन के साथ ही पुलिस भी अपनी तैयारियों में जुट गई है। चुनाव के दौरान गड़बड़ी फैलाने वालों पर निरोधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इतना ही नहीं पुलिस अधिकारियों के साथ बूथों का चक्रमण शुरू कर वहीं की लोकेशन और वस्तुस्थिति से अवगत होने में जुट गई है।

जनपद में लोकसभा उपचुनाव की दुंदुभी बजते ही जहां राजनीतिक दल सक्रिय हो गए हैं। वहीं पुलिस प्रशासन भी अपनी तैयारियों को अंतिम रूप में देने में जुट गया है। प्रशासन द्वारा कार्मिकों के प्रशिक्षण आदि की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जबकि पुलिस द्वारा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक कार्रवाइयां शुरू कर दी गई है। पुलिस विभाग की ओर से जनपद में चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए 70 कंपनी पैरा मिलिट्री फोर्स की डिमांड की गई है। इसके अलावा 4000 होमगार्ड के जवान भी मांगे गए हैं। ताकि चुनाव में इनकी ड्यूटी लगाई जा सके।


















