कम्पोजिट शराब की दुकान में सेंध, 52 हजार का माल पार
सुइथाकला, जौनपुर।
राजेश चौबे
तहलका 24×7
सरपतहा थाना क्षेत्र के जुनेदपुर गांव में स्थित कम्पोजिट शराब की दुकान में बीती रात अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर नकदी और शराब समेत करीब 52 हजार रुपये का माल पार कर दिया।शनिवार सुबह घटना की जानकारी होने पर हड़कंप मच गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली।खानपुर चौरवा गांव निवासी तेज प्रताप बिंद की जुनेदपुर गांव में कम्पोजिट शराब की दुकान है।

प्रतिदिन की तरह सेल्समैन राजन शुक्रवार देर रात दुकान बंद कर घर चला गया।इसी बीच चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार में सेंध काटकर अंदर प्रवेश किया और 36 हजार रुपये नकदी के साथ करीब 16 हजार रुपये कीमत की बीयर व शराब की बोतलें चोरी कर लीं। शनिवार सुबह मकान मालिक उधर पहुंचा तो दुकान के पीछे दीवार में सेंध कटी देखी।उसने तत्काल सेल्समैन और दुकान मालिक को सूचना दी।मौके पर पहुंचे लोगों ने डायल 112 पर पुलिस को घटना की जानकारी दी।

दुकान के पीछे धान के खेत में शराब की कुछ बोतलें भी पड़ी मिलीं,जिन्हें ग्रामीणों ने दुकानदार को सौंप दिया।
सूचना पर पहुंची पीआरबी टीम ने मौके का निरीक्षण किया और घटना की जानकारी सरपतहा थाने को दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है।अभी पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


















