करोड़ों की साइबर ठगी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
साइबर क्राइम सेल ने करोड़ों रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की।आरोपी लोगों को लोन,निवेश,टूर एंड ट्रैवल्स तथा इंश्योरेंस पैकेज दिलाने का झांसा देकर ठगी करता था।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत साइबर क्राइम सेल ने बरसठी थाना क्षेत्र के पपरावन निवासी शुभम सिंह को गिरफ्तार किया।

उसके कब्जे से 3 एंड्रॉइड मोबाइल,3 कीपैड मोबाइल, 4 सिम कार्ड,एक फर्जी आधार कार्ड,15 एटीएम कार्ड, 9 बैंक पासबुक,7 चेकबुक तथा साइबर ठगी से प्राप्त 1.45 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी फर्जी वेबसाइट और व्हाट्सएप के जरिए लोगों को बजाज कंपनी से लोन,निवेश और विभिन्न पैकेज उपलब्ध कराने का झांसा देता था।इसके बाद प्रोसेसिंग फीस,वेरिफिकेशन शुल्क और अन्य चार्ज के नाम पर रकम वसूल कर उन्हें ठगी का शिकार बनाता था।ठगी से प्राप्त धनराशि फर्जी बैंक खातों में मंगाकर तुरंत निकाल ली जाती थी।

साइबर पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र समेत विभिन्न राज्यों में मुकदमे दर्ज हैं।राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी उसके खिलाफ 20 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं।प्रारंभिक जांच में गिरोह द्वारा लगभग ढाई करोड़ रुपये की साइबर ठगी किए जाने की बात सामने आई है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जांच तेज कर दी है।साइबर क्राइम सेल मामले के विभिन्न पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

















