ट्रेलर से टकराई तेज रफ्तार कार, चार श्रद्धालुओं की मौत
आजमगढ़।
फैजान अंसारी
तहलका 24×7
देवगांव कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को वाराणसी आजमगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई,जबकि एक व्यक्ति गंभीर रुप से घायल हो गया।सभी लोग आंबेडकर नगर जनपद स्थित किछौछा शरीफ से जियारत कर लौट रहे थे।जानकारी के अनुसार,कस्बा बाजार के पास बरडीहा मोड़ पर तेज रफ्तार आर्टिका कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे में डाल्टनगंज छोटी मस्जिद के सामने स्थित किताब घर के संचालक हाफिज रज्जाक,जनता मेडिकल से जुड़े कैश,सब्जी मंडी के व्यवसायी शोहराब राईन तथा वाहन चालक की मौत हो गई।तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया,जबकि एक घायल ने उपचार के दौरान अस्पताल में अंतिम सांस ली।दुर्घटना में गंभीर रुप से घायल अजमल आलम पुत्र लाल मोहम्मद को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक का आधा शरीर वाहन में फंस गया था,जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका।सूचना पर पहुंची देवगांव पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरु कराया और सभी घायलों व मृतकों को संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज भेजा।चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया,जबकि एक घायल को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया,जहां बाद में उसकी मौत हो गई।हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।पुलिस मामले की जांच कर रही है।

















