कृषि गोष्ठी में किसानों को दी गई आधुनिक खेती की जानकारी
शाहगंज,जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
क्षेत्र के बड़ा गांव में आयोजित किसान गोष्ठी में कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को आधुनिक खेती, प्राकृतिक कृषि और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, महिलाओं और युवाओं ने भाग लेकर लाभ उठाया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा मंडल मंत्री अनुराग अग्रहरि रहे।गोष्ठी की अध्यक्षता सहायक विकास अधिकारी (कृषि) धर्मेंद्र कुमार सरोज ने की,जबकि संचालन एसएमएस नंद किशोर ने किया।कृषि विज्ञान केंद्र से आए वैज्ञानिक डॉ.रुपेश सिंह एवं डॉ. सुरेंद्र सोनकर ने प्राकृतिक खेती के महत्व,उसके लाभ तथा आगामी खरीफ सीजन में धान की वैज्ञानिक खेती की नवीनतम तकनीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला।उन्होंने उन्नत बीजों के चयन,फसल प्रबंधन और उत्पादन बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी।

गोष्ठी के दौरान आयोजित‘कृषक-वैज्ञानिक सीधा संवाद’सत्र में किसानों ने खेती से संबंधित समस्याएं विशेषज्ञों के सामने रखीं,जिनका मौके पर ही तकनीकी समाधान उपलब्ध कराया गया।उद्यान विभाग के इंस्पेक्टर सत्यभान ने विभागीय योजनाओं एवं अनुदानों की जानकारी दी।वहीं एडीओ (पीपी) अशोक यादव ने फसलों को खरपतवार से बचाने के लिए खर-पतवारनाशी रसायनों के सुरक्षित एवं संतुलित उपयोग के बारे में किसानों को जागरुक किया।

पंचायत सहायक मोहम्मद पैगाम ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री योजना की जानकारी दी और इसमें पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया।प्राविधिक सहायक संतोष चौधरी ने मौके पर कई किसानों की पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कराई।ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संदीप निषाद के नेतृत्व में आयोजित इस गोष्ठी में किसानों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर खेती से जुड़ी नई जानकारियां प्राप्त कीं और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के प्रति जागरुकता दिखाई।

















