खेत में लगाए गए करंट की चपेट में आने से युवक की मौत,ग्रामीणों ने किया हंगामा
जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
लाइनबाजार थाना क्षेत्र के परियावा गांव में गुरुवार सुबह खेत की घेराबंदी में लगाए गए करंट की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई।ग्रामीणों ने खेत मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव उठाने से इंकार कर दिया।

जानकारी के अनुसार परियावा निवासी साहबलाल गौतम पुत्र फेरई राम गौतम सुबह शौच के लिए पोखरे की ओर जा रहे थे।इसी दौरान गांव निवासी जितेंद्र यादव द्वारा बाजरे की फसल को आवारा पशुओं से बचाने के लिए खेत के चारों ओर लगाए गए लोहे के तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गए।बताया गया कि करंट वाला तार टूटकर खेत से सटे बगीचे तक पहुंच गया था,जिससे साहबलाल का संपर्क होते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लेने का प्रयास किया,लेकिन ग्रामीण खेत मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आरोपी खेत मालिक जितेंद्र यादव के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया।इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।


















