बढ़ते अपराधों पर व्यापार मंडल ने जताई चिंता,कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
व्यापार मंडल के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष इंद्रभान सिंह’इंदु’ने जनपद में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन और प्रदेश सरकार से कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग की है।उन्होंने कहा कि हत्या, लूट,छिनैती,दुष्कर्म समेत गंभीर अपराधों की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी से आमजन में भय का माहौल है।

प्रेस विज्ञप्ति जारी कर श्री सिंह ने कहा कि अपराध पर अंकुश लगाने के लिए समय-समय पर विशेष अभियान चलाए जाते हैं,लेकिन इसके बावजूद अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।उनका आरोप है कि अपराध नियंत्रण के दावों के बावजूद जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो जनता का प्रशासन पर भरोसा कमजोर पड़ सकता है।

उन्होंने पुलिस अधीक्षक से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने,कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की मांग की।इंद्रभान सिंह ने प्रदेश सरकार से भी जौनपुर में बढ़ते अपराधों को गंभीरता से लेते हुए अपराधियों पर कठोर कार्रवाई,पीड़ितों को त्वरित न्याय और पुलिस तंत्र की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।उनका कहना है कि इससे ही जनता का विश्वास प्रशासन और सरकार के प्रति मजबूत हो सकेगा।


















