चुनाव ड्यूटी में विवाद,आईएएस अनुराग यादव वेस्ट बंगाल में ऑब्जर्वर पद से हटाए गए
# सीईसी से तीखी बहस की चर्चा, आयोग ने‘प्रोफेशनल इनकम्पिटेंस’बताया कारण
कोलकाता।
तहलका 24×7
चुनाव ड्यूटी के दौरान एक बड़ा प्रशासनिक विवाद सामने आया है।उत्तर प्रदेश कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और वर्तमान में प्रमुख सचिव (समाज कल्याण) अनुराग यादव को पश्चिम बंगाल से चुनाव पर्यवेक्षक पद से हटा दिया गया है।इस कार्रवाई के पीछे कोलकाता में हुई एक उच्चस्तरीय बैठक के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ उनकी कथित तीखी बहस को वजह माना जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक बैठक के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा पूछे गए सवालों का संतोषजनक जवाब न मिलने पर माहौल तनावपूर्ण हो गया।बताया जाता है कि इसी दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए सख्त टिप्पणी की और“घर जाओ”तक कह दिया।मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार,इस पर अनुराग यादव ने आपत्ति जताते हुए कहा,“आप ऐसे बात नहीं कर सकते… मैंने इस सेवा में 25 साल दिए हैं,आप मेरे साथ ऐसा व्यवहार नहीं कर सकते।”इसके बाद मामला और गरमा गया।

घटनाक्रम के तुरंत बाद चुनाव आयोग ने कार्रवाई करते हुए अनुराग यादव को ऑब्जर्वर पद से हटा दिया। हालांकि आयोग के सूत्रों का कहना है कि यह निर्णय केवल बहस के कारण नहीं,बल्कि “प्रोफेशनल इनकम्पिटेंस”के आधार पर लिया गया है। इस पूरे घटनाक्रम को नौकरशाही के भीतर एक बड़े विवाद के रुप में देखा जा रहा है,जिससे प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

















