जमीन विवाद में रची गई थी प्रॉपर्टी डीलर की हत्या की साजिश,मुख्य साजिशकर्ता समेत दो गिरफ्तार
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
राजधानी के चर्चित प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड का खुलासा करते हुए उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स ने मुख्य साजिशकर्ता समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।जांच में सामने आया है कि जमीन विवाद और लगातार मुकदमेबाजी से परेशान होकर आरोपी ने सुपारी देकर हत्या कराई थी।हत्या के लिए पांच लाख रुपये में सौदा तय किया गया था।एसटीएफ और पीजीआई थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार को दिनेश कुमार यादव तथा उसके सहयोगी मुकर्रबीन उर्फ मुबीन को गिरफ्तार किया।

आरोपियों के कब्जे से एक फर्जी नंबर प्लेट,3300 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गौरतलब है कि 27 मई को पीजीआई थाना क्षेत्र में संदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।इस संबंध में पीजीआई थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।मामले के खुलासे के लिए एसटीएफ की कई टीमें लगाई गई थीं।एसटीएफ को सूचना मिली कि हत्याकांड में शामिल एक आरोपी डलौना अंडरपास के पास आने वाला है।

सूचना पर संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर मुबीन को गिरफ्तार किया।पूछताछ में उसके बयान के आधार पर मुख्य साजिशकर्ता दिनेश यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई,जहां पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में मुबीन ने बताया कि वह वर्ष 2016 से दिनेश यादव की गाड़ी चलाता था। दिनेश यादव प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़ा हुआ है और समदा क्षेत्र की जमीन को लेकर संदीप सिंह से उसका लंबे समय से विवाद चल रहा था।संदीप सिंह द्वारा लगातार मुकदमे और शिकायतें किए जाने से वह नाराज था।

जांच में पता चला कि दिनेश यादव ने संदीप सिंह को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और एक व्यक्ति के माध्यम से पांच लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी। इसके बाद दो शूटरों को बुलाकर उनके ठहरने की व्यवस्था कराई गई।शूटरों को संदीप सिंह की गतिविधियों और आने-जाने के रास्तों की जानकारी दी गई तथा घटना को अंजाम देने के लिए एक सेकेंड हैंड अपाचे बाइक खरीदी गई,जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी।पुलिस के अनुसार कई दिनों तक रेकी करने के बाद 27 मई को शूटरों ने संदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी।

घटना वाले दिन दिनेश यादव और मुबीन ने खुद को घटनास्थल से दूर रखने की योजना बनाई,ताकि उन पर संदेह न हो।हत्या के बाद शूटरों ने फोन कर वारदात पूरी होने की सूचना भी दी थी।एसटीएफ का कहना है कि हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों और फरार शूटरों की तलाश जारी है।जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दिनेश कुमार यादव के खिलाफ लखनऊ और अंबेडकरनगर में धोखाधड़ी, जालसाजी,आपराधिक विश्वासघात,धमकी सहित विभिन्न धाराओं में नौ मुकदमे पहले से दर्ज हैं।पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरु कर दी।एसटीएफ ने घटना के महज चार दिन के भीतर साजिश का खुलासा कर मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में बड़ी सफलता हासिल की।


















