जौनपुर : उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग 324 लाख की लागत से बनवाएगा दो हाईटेक नर्सरी
# हाई वैल्यू सब्जी उत्पादन से कृषकों की आय में होगी दुगुनी वृद्धि
बदलापुर।
दीपक श्रीवास्तव
तहलका 24×7
किसानों की आय दोगुनी करने तथा पोषण सुरक्षा के दृष्टि से ग्रामीण क्षेत्रों में किसान परिवार को प्रति दिन आवश्यक हरी एवं पत्तेदार सब्जियां प्राप्त हों इसके लिए उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग जिलें में 324 लाख रुपये की लागत से इजराइली तकनीक पर आधारित दो हाईटेक नर्सरी का निर्माण कराएगी। यह जानकारी जिला खाद्य एवं प्रसंस्करण विभाग की अधिकारी ममता सिंह यादव ने दी।

उन्होंने बताया कि राजकीय प्रक्षेत्र परमानन्दपुर केराकत तथा कृषि विज्ञान केन्द्र बक्शा में प्रस्तावित हाईटेक नर्सरी का निर्माण मनरेगा योजना के अन्तर्गत कम्युनिटी कार्यों के मद से कराया जाना है। स्थापित इकाई के अन्तर्गत प्रति वर्ष विभिन्न मौसम के अनुकूल सोलेनिसी सब्जियां जैसे शिमला मिर्च, टमाटर, मिर्च एवं वैगन आदि के 3,50,000 पौधे क्रूसीफेरी सब्जियों में ब्रोकली, चायनीज कैबेज, फूलगोभी, पातगोभी आदि के 3,50,000 लतावर्गीय सब्जियों में खीरा, करेला, खरबूज, तरबूज, कद्दू, लौकी, तरोई, आदि के 9,00000 पौधे यानी प्रति इकाई से पन्द्रह लाख पौध उत्पादन किया जाएगा। जो किसानों को लागत मूल्य के दस प्रतिशत लाभांश सहित मूल्य पर सुलभ होगी! यह सभी सब्जियां रोगमुक्त होंगी।

हाईटेक नर्सरी के निर्माण हेतु स्थल पर यथा आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के साथ साथ इकाई के संचालन हेतु एक वर्ष में आवश्यक कार्यशील पूंजी के साथ प्रति इकाई हाईटेक नर्सरी हेतु 162.41 लाख की धनराशि खर्च की जाएगी! जिसमें हाईटेक नर्सरी विद डेमो प्लाट पर 103.30 लाख रुपये, 1 टायलेट ब्लाक, 1 वर्किंग शेट, 50 वर्गमीटर इन्टरलाकिंग पर 9.78 लाख रुपये, मजदूरी दस श्रमिक प्रति दिन दस माह रुपये 213 प्रति श्रमिक 6.39 लाख रुपये, बीज, अन्य निवेश औसत उत्पादन लागत रुपये 2.24 रुपये प्रति पौध 10 प्रतिशत लाभांश के साथ 33.60 लाख रुपये, कोकोपिट, वर्मीकुलाइट, परलाइट, प्रो -ट्रे 99 कैविट, थर्मल ट्रे 198 सेल पर 9.34 लाख रुपये का खर्च होगा।

















