जौनपुर : हौसला बुलंद चोरों ने दो दुकानों को बनाया निशाना
# ढाई लाख से अधिक का सामान चोरों ने किया पार
गौरा बादशाहपुर।
दीपक श्रीवास्तव
तहलका 24×7
थाना क्षेत्र के हनुवाडीह बाजार में सहज जन सेवा केंद्र सहित दो जगहों पर चोरों ने सेंध काटकर हजारों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। दोनों पीड़ितों द्वारा सूचना देने पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के पित्तूपुर गांव निवासी मनीष गुप्ता की एमजी कृष्णा सहज जन सेवा केंद्र व थाना क्षेत्र के कोतवालपुर गांव निवासी विशाल श्रीवास्तव की जनरल स्टोर की दुकान गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के हनुवाडीह बाजार में है। हर रोज की भांति दोनों दुकानदार अपनी- अपनी दुकानें शनिवार देर शाम को बंद कर अपने- अपने घर चले गए।

रविवार को सुबह लगभग दस बजे जब दोनों दुकानदार मनीष गुप्ता व विशाल श्रीवास्तव अपनी दुकानें खोलने के लिए पंहुचे। तब मनीष गुप्ता ने देखा कि उसकी सहज जन सेवा केंद्र की दुकान में अज्ञात चोरों द्वारा छत पर सेंध काटा गया था तथा सहज जन सेवा केंद्र में रखा दो लैपटॉप, एक सीपीयू, दो डिजिटल कैमरा, एक हार्डडिस्क, एक प्रिंटर एक इन्वर्टर व दो बैटरी पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया था। सहज जन सेवा केंद्र के संचालक सामानों को गायब देख होश उड़ गए।

वहीं पास की ही विशाल श्रीवास्तव की जनरल स्टोर की दुकान पर भी चोरों ने छत के रास्ते से दुकान से तेल, दाल, चीनी, बिस्किट के पैकेट आदि समान उड़ा दिए थे। मनीष गुप्ता व विशाल श्रीवास्तव ने चोरी की सूचना डायल 112 व गौरा बादशाहपुर थाने पर दिया। दो जगहों पर हुई चोरी की सूचना पर डायल 112 पुलिस व गौरा बादशाहपुर थाने के उप निरीक्षक मोहन लाल फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुच गए। पुलिस दोनों दुकानदारों से जानकारी लेते हुए लिखित तहरीर प्राप्त कर छानबीन में जुटी रही।

सहज जन सेवा केंद्र के संचालक ने बताया कि चोरों द्वारा हमारे सेंटर से कम से कम ढाई लाख का सामान चुराया है। वहीं जनरल स्टोर के संचालक विशाल श्रीवास्तव के मुताबिक 20 हजार के समान की चोरी हुई है। इस प्रकरण में थानाध्यक्ष गौरा बादशाहपुर विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि दोनों दुकानदारों द्वारा तहरीर मिल गयी है। अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस चोरों का पता लगाने में जुटी हुई है। जल्द ही इस घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात चोर सलाखों के पीछे होंगे।


















