जौनपुर : डीएम ने किया संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ
# साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल और शौचालय का उपयोग करने पर दिया जोर
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
जिले में शनिवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान व दस्तक अभियान की जन जागरूकता रैली निकाली गई। इसका शुभारंभ जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने किया। यह रैली राजकीय टीबी चिकित्सालय से निकल कर अंबेडकर तिराहा होते हुए वापस राजकीय टीबी चिकित्सालय तक गई।रैली के दौरान लोगों को स्वच्छता माह के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही आस-पास साफ-सफाई रखने के लिए प्रेरित किया गया। जिलाधिकारी ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान में घर के अंदर और बाहर साफ-सफाई रखने, शुद्ध पेयजल का उपयोग करने, घर में बने शौचालय में शौच करने और संचारी रोगों जैसे डेंगू, मलेरिया आदि बचाव के बारे में लोगों को जागरूक करने पर ज़ोर दिया।

सात अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलेगा। इस अभियान के तहत स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर दस्तक देकर सभी व्यक्तियों की बुखार, सर्दी -जुकाम, कुपोषित बच्चों, टीबी के लक्षण युक्त लोगों की स्क्रीनिंग करेंगी। साथ ही मच्छरों के प्रजनन स्रोत वाले घरों को चिह्नित किया जाएगा। चिह्नित घरों में प्रभावित लोगों की जांच होगी। उनका तत्काल इलाज किया जाएगा। इस दौरान आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भ्रमण किए गए 10 घरों पर किसी एक घर पर दस्तक का पोस्टर लगाएंगी। डीएम ने लोगों से घरों के अंदर तथा बाहर बड़े पैमाने पर साफ-सफाई कर अभियान को सफल बनाने की अपील की। साथ ही दस्तक अभियान के दौरान घरों पर पहुंचने वाली टीमों को पूर्ण और सही जानकारी देने के लिए कहा।


















