जौनपुर : राजकीय शोक की उड़ी धज्जियां, जिम्मेदार रहे बेखबर
# राजकीय शोक के दूसरे दिन भी सेनापुर शहीद स्मारक में फहराता रहा राष्ट्रीय ध्वज
केराकत।
विनोद कुमार
तहलका 24×7
धरती-पुत्र कहे जाने वाले सपा के संस्थापक व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का सोमवार की सुबह निधन हो गया। निधन की खबर होते ही प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश भर में तीन दिनों का राजकीय शोक किया गया। राजकीय शोक घोषित होते ही प्रदेश भर में लगे राष्ट्रीय ध्वज को आधा झुका दिया गया पर सेनापुर गांव में बने शहीद स्तंभ के परिसर में लगा राष्ट्रीय ध्वज राजकीय शोक के दूसरे दिन भी फहराता रहा और जिम्मेदार अधिकारी/कर्मचारी बेखबर रहे।

बता दें कि प्रदेश की राजनीति से लेकर राष्ट्रीय राजनीति में अहम भूमिका निभाने वाले केंद्रीय पूर्व रक्षा मंत्री समाजवादी पार्टी के संस्थापक व उत्तर प्रदेश के तीन बार के मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव 82 वर्ष की उम्र में सोमवार की सुबह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। निधन की खबर होते ही देश की सियासी गलियारों में शोक की लहर दौड़ पड़ी। मंगलवार की दोपहर लगभग तीन बजे उनके पैतृक निवास सैफई में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या, बृजेश पाठक, सदी महानायक अमिताभ बच्चन समेत देश के कई दिग्गज नेता व फिल्मी हस्तियां मौजूद रही। अपने नेता के एक झलक पाने के लिए सैफई में जनसैलाब उमड़ा रहा।

















