जौनपुर : वकीलों ने दो लेखपालों को पीटकर किया घायल

जौनपुर : वकीलों ने दो लेखपालों को पीटकर किया घायल

# पीड़ित लेखपाल की तहरीर पर वकीलों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज

शाहगंज।
एख़लाक खान
तहलका 24×7
                  तहसील परिसर में शुक्रवार को वकीलों ने दो लेखपालों को पीटकर घायल कर दिया। मामला निकट संबंधी प्रमाण पत्र बनवाने का था और उस पर रिपोर्ट लगाने को लेकर दोनों पक्षों में शुरू हुई कहासुनी मारपीट में तब्दील हो गई। घायल लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने दो वकीलों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और जांच में जुट गई।

जानकारी के मुताबिक हल्का नंबर 94 में कार्यरत लेखपाल बृजकिशोर यादव शुक्रवार शाम को तहसील परिसर स्थित लेखपाल भवन में साथी लेखपालों के साथ बैठे हुए थे और आबादी सर्वे व घरौनी का कामकाज निपटा रहे थे। आरोप है कि परिसर में ही वकालत करने वाले दो वकील अजय सिंह और राणा अजीत सिंह वहां पहुंचे और लेखपाल से एक निकट संबंधी प्रमाण पत्र पर जल्द रिपोर्ट लगाने का दबाव डालने लगे। बात कहा-सुनी से होकर हाथा-पाई तक पहुंच गई। आरोप है कि दोनों वकीलों ने लेखपाल बृजकिशोर यादव को गंदी-गंदी गालियां दीं और मारपीट कर घायल कर दिया। बीच-बचाव करने में लेखपाल राकेश कुमार यादव को भी काफी चोट आई। वहां मौजूद अन्य लेखपालों ने हस्तक्षेप किया और किसी तरह मामला शांत कराया।

आरोप है कि दोनों वकीलों ने मारपीट के दौरान वहां रखे अक्खनसराय क्षेत्र का खसरा और अन्य कागजात भी फाड़ डाले और फिर मारने की धमकी भी दी।शुक्रवार देर रात में लेखपाल संघ के अध्यक्ष विकास सिंह के नेतृत्व में भारी संख्या में लेखपाल कोतवाली पहुंचे और तहरीर देकर कार्रवाई की अपील की। प्रभारी सदानंद राय ने बताया कि दोनों लेखपालों का मेडिकल कराया गया है और दोनों वकीलों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
Previous articleजौनपुर : सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया जाएगा प्रधानमंत्री का जन्मदिन- सुनील तिवारी
Next articleमदरसा बोर्ड के चेयरमैन बोले.. सर्वे को लेकर ओवैसी बंधु कर रहे सियासत
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?