जौनपुर : श्रीराम कथा के श्रवण से होता है समस्त जीवन का कल्याण- विद्यांशु जी महाराज
# श्रीराम जन्मोत्सव, सीता स्वयंवर एवं शंकर पार्वती विवाह की झांकी रही मुख्य आकर्षण का केंद्र
# नव दिवसीय श्रीराम कथा का हुआ भव्य समापन
शाहगंज।
राजकुमार अश्क
तहलका 24×7
नगर के हनुमान गढ़ी स्थित लक्ष्मी नारायण वाटिका में पिछले महीने के 29 तारीख़ से शुरू हुई श्रीराम कथा का नव दिवसीय कार्यक्रम का समापन 6 नवम्बर को हवन आरती के साथ संपन्न हो गया।

अयोध्या धाम सै पधारे कथा वाचक विद्यांशु जी महाराज के मुखारविन्द से नगर वासियों ने नव दिनों तक श्रीराम कथा के अलौकिक वर्णन का श्रवण किया। कथा में विभिन्न प्रकार की मनोहर झांकियां प्रस्तुत की गयी जिसमें आकर्षण का केंद्र श्रीराम जन्मोत्सव, सीता स्वयंवर एवं शंकर पार्वती विवाह की झांकी रही।

कथा समापन के दिन कथा व्यास विद्याशु महाराज के गुरू पवन कुमार दास स्वयं कथा में उपस्थित होकर भक्तजनों को श्रीराम की कथा की महिमा के विषय में बताया। उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा का श्रवण करना फिर उसे अपने जीवन में उतारना और श्रीराम के आदर्शों का पालन करना ही हर सनातनी का कर्तव्य होना चाहिए।

हर सनातनी को अपने धर्म की रक्षा करना चाहिए। श्रीराम चरितमानस के एक प्रसंग का वर्णन करते हुए उन्होंने सीता माता के सतीत्व का वर्णन किया। कथा समाप्ति के उपरांत लोगों ने गुरूओं को विदाई स्वरूप विभिन्न प्रकार के उपहार देकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर श्रीराम कथा समिति के सदस्यों द्वारा लोगो के लिए प्रसाद एवं भंडारे की व्यवस्था भी की गई थी। श्रीराम कथा को सफल बनाने में मुख्य रूप से सुशील सेठ बागी, राजकुमार कसेरा, रचित चौरसिया, अनुपमा अग्रहरि, संजय कुमार गुप्ता, आदि लोगो ने महती भूमिका निभाई।


















