जौनपुर : सरकारी नाले को पाटकर रास्ता बनाने का ग्रामीणों ने किया विरोध
# ग्राम पंचायत अधिकारी को देखते ही ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
केराकत।
विनोद कुमार
तहलका 24×7
क्षेत्र के छातीडीह गांव में शनिवार को एक सरकारी नाले को पाटकर रास्ता बनाने की सूचना पर सैकड़ों ग्रामीण नाले के पास इक्ठ्ठा हो गये। मौके पर पहुंचे ग्राम पंचायत अधिकारी को देखते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और ग्रामीण एक साथ नारा लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। ग्रामीणों के विरोध प्रर्दशन के काफी समय बाद भी कोई और अधिकारी नहीं पहुचें तो ग्रामीण वापस चलें गयें।छातीडीह गांव में एक काफी पुराना नाले को पाटकर रास्ता बनाने को लेकर कुछ दिनो से विवाद उत्पन्न हुआ है। ग्रामीण नाले पर रास्ते का निर्माण न हो इस संबंध में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा एंव केराकत एसडीएम माज अख्तर खान से भी गुहार लगा चुके हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि सुबह ही गांव में ग्राम पंचायत अधिकारी राहुल मौर्या आयें और उन्होंने बताया कि नाले में पाइप डालकर रास्ता बनाने का प्रस्ताव पास है कुछ अधिकारी गांव में आने वाले हैं और नाले पर रास्ते का निर्माण होगा।यह बात जंगल में लगी आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते भारी संख्या में नाले के पास ग्रामीण इकट्ठा हो गए और जमकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।ग्रामीणों का आरोप था कि दो घर के लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए नाला पाटकर रास्ता बनाने का प्रयास किया जा रहा है और नाले के अन्दर जो पाइप डालने की बात कही जा रही है वह पाइप बहुत ही पतली है बरसात के दिनों में उक्त पाइप से पानी का निकासी नही हो सकता है और पूरा गांव डूब जाएगा।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विजय यादव ने बताया कि छातीडीह गांव के अलावा मठिया, सरैया, पराऊगंज सहित अन्य गांव से बरसात का पानी इस नाले से होते हुऐ करीब 5 किलोमीटर दूर खर्गसेनपुर नहर में जाता है। नाली में पतली पाइप डालकर रास्ता बनाने से बरसात के दिनो पानी नहीं निकल पाएगा और किसानों का पूरा खेत बर्बाद हो जाएगा। इस संबंध में कार्यवाहक खंड विकास अधिकारी रामदरस यादव ने बताया कि नाले को पाटकर कोई रास्ता का निर्माण नहीं होगा नाले की जगह नाला ही रहेगा। विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से लालती देवी, अखिलेश सरोज, झूले लाल मुसहर, मुन्नीलाल सरोज, दयाराम सरोज, सुरेंद्र यादव, संजय यादव, श्याम बहादुर सहित सैकड़ो की संख्या मे ग्रामीण मौजूद रहे।

















