झाड़-फूंक के विवाद में घर पर चढ़कर महिलाओं को पीटा
# आस-पड़ोस के लोगों के जुटने पर हवाई फायरिंग करते हुए फरार
# अयोध्या में तैनात सिपाही सहित आधा दर्जन के खिलाफ तहरीर
शाहगंज।
एख़लाक खान
तहलका 24×7
क्षेत्र के रसूलपुर छताईं गांव में बुधवार की देर रात स्कार्पियो व बोलेरो सवार आधा दर्जन लोगों ने घर पर चढ़कर महिलाओं व बच्चों के साथ मार-पीट कर हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। इस मामले में पीड़ित पक्ष ने कोतवाली में एक सिपाही समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।शेखवलिया गांव निवासी एक ओझा झाड़-फूंक के लिए रसूलपुर गांव निवासी रामलगन के घर बुधवार को आया था। जो झाड़-फूंक के दौरान मामूली बात को लेकर राम लगन व परिवार वालों से कहासुनी और विवाद हो गया।

विवाद के बाद ओझा वहां से चला गया। रात करीब एक बजे स्कार्पियो व बोलेरो पर सवार होकर आधा दर्जन लोग राम लगन के घर पहुंचे। घर के पुरूष अपने बीमार बच्चे का इलाज कराने शाहगंज अस्पताल आए थे। हमलावर घर पर मौजूद महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट, तोड़फोड़ व गाली-गलौज करने लगे। इस दौरान शोरगुल सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा होने लगें तो हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए मौके से भाग निकले। गुरुवार को कोतवाली पहुंचकर पीड़ित राम लखन की पुत्री साक्षी ने अयोध्या में तैनात सिपाही सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

















