ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार दो की मौत, एक गंभीर
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पतहना मोड़ पर मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें ट्रेलर और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लिया और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मृतकों की पहचान अमला यादव (55) और मोहित यादव (22) पुत्र स्व. शंकर यादव के रूप में हुई है। घायल युवक का नाम रेहान अंसारी (19) है। तीनों युवक सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के काजी बाजार पतहना गांव के निवासी थे। जानकारी के अनुसार 8 जून को अमला यादव के भतीजी की शादी थी। उसी सिलसिले में तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर कोठवार बाजार से शादी का सामान लेने जा रहे थे।
जैसे ही वे पतहना मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि अमला यादव और मोहित यादव की मौके पर ही मौत हो गई जबकि रेहान गंभीर रुप से घायल हो गया।स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और घायल को जिला अस्पताल भिजवाया गया।

डॉक्टरों ने अमला यादव और मोहित यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि रेहान का इलाज जारी है। मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने ट्रेलर को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी रही।
















