तीस हजारी कोर्ट में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई,जज के रीडर को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा
नई दिल्ली।
तहलका 24×7
सीबीआई ने राजधानी के तीस हजारी कोर्ट परिसर में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जज के रीडर को कथित रुप से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। सूत्रों के अनुसार आरोपी रीडर कोर्ट नंबर 178 में तैनात था और एक मामले में पक्षकार से काम कराने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने जाल बिछाया और ट्रैप ऑपरेशन के दौरान आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया।

कार्रवाई इतनी तेज और गोपनीय तरीके से की गई कि कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक,जैसे ही टीम ने कार्रवाई शुरु की,परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में वकील व आम लोग मौके पर जुट गए।अधिकारियों ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद की है।फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस पूरे प्रकरण में कोई अन्य व्यक्ति शामिल तो नहीं है।

यह घटना न्यायिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।हालांकि जांच एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है और आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़े और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


















