होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2025: जिलाधिकारी के सख्त निर्देश, केंद्रों पर पेयजल व स्वास्थ्य सुविधाएं अनिवार्य
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स इनरोलमेंट-2025 परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने व्यापक तैयारियों के निर्देश जारी किए हैं।उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी और सभी केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षार्थियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम करने को कहा है।जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा 25,26 और 27 अप्रैल को दो पालियों में आयोजित होगी।

पहली पाली पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3:00 बजे से 5:00 बजे तक संचालित की जाएगी।जनपद के कुल 19 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराई जाएगी।गर्मी और तेज धूप को देखते हुए जिलाधिकारी ने विशेष रुप से निर्देश दिए हैं कि सुबह से ही दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले परीक्षार्थियों के लिए प्रत्येक केंद्र पर शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था हो।साथ ही हीट स्ट्रोक या ताप से प्रभावित होने की स्थिति में ओआरएस/इलेक्ट्रॉल और आवश्यक जीवन रक्षक दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया है कि मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए परीक्षार्थियों के लिए गुड़,पेठा जैसी राहत सामग्री की भी व्यवस्था सुनिश्चित करें।वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी को प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर ओआरएस/इलेक्ट्रॉल पाउडर एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं,ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

















