न्याय की मांग पर परिजन अड़े,पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर जताया भरोसा
# देर रात जौनपुर के रामघाट पर अन्तिम संस्कार के लिए राजी हुआ परिवार
खेतासराय, जौनपुर।
तहलका 24×7
जनपद के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडऊर गांव में हुई दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दुःख और क्रोध के साए में ला खड़ा किया।दूल्हा बने आजाद की बेदर्दी से की गई हत्या के बाद परिजनों का धैर्य जवाब दे गया और उनका दर्द आक्रोश बनकर उस समय फूट पड़ा जब पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा,परिजनों ने साफ लफ्जों में कह दिया जब तक कातिल गिरफ्तार नहीं होगा,अर्थी नहीं उठेगी!

शनिवार शाम करीब 6 बजे शव मिलने के बावजूद रातभर घर में मातम पसरा रहा,परिजन अपने फैसले पर अडिग रहे और रविवार सुबह तक शव को घर पर रखकर इंसाफ की गुहार लगाते रहे।हर आंख नम थी, हर दिल में पीड़ा थी और हर ज़ुबान पर बस एक ही सवाल आखिर कब मिलेगा इंसाफ?मामले की नजाकत को भांपते हुए प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव खुद मौके पर पहुंचे और परिजनों से करीब एक घंटे तक बातचीत की।

उन्होंने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया,लेकिन ग़मजदा परिजन अपने जख्मों के साथ अपनी मांगों पर डटे रहे।इसके बाद जिलाधिकारी दिनेश चंद्र,विधायक रमेश सिंह,पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह भी मौके पर पहुंचे। हालात बेहद गम्भीर थे,प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की लगातार कोशिशें जारी रहीं।पूर्व सांसद धनजंय सिंह भी मौके पर पहुंचे तब करीब दो घंटे चली बातचीत के बाद आखिरकार परिजनों का दिल पसीजा और वे अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।

शाम करीब 6 बजे रामघाट पर शोकाकुल माहौल में मृतक के पिता ने कांपते हाथों और नम आंखों के साथ मुखाग्नि दी।उस वक्त हर शख्स की आँखें आंसुओ से भरी थीं और सिर्फ एक ही आवाज गूंज रही थी न्याय चाहिए,सिर्फ न्याय।घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना रहा, लेकिन प्रशासन की मुस्तैदी से हालात काबू में रहे।


















