रील बनाने के जुनून ने ली जान: पानी की टंकी पर चढ़े 5 बच्चे, हादसे में एक की मौत,दो को सेना ने हेलीकॉप्टर से बचाया
सिद्धार्थनगर।
तहलका 24×7
सोशल मीडिया पर रील बनाने का बढ़ता जुनून अब जानलेवा साबित हो रहा है।ताजा मामला सिद्धार्थनगर से सामने आया है,जहां 60 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़कर वीडियो बनाने की कोशिश कर रहे पांच बच्चों में से एक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रुप से घायल हो गए।जानकारी के अनुसार,सभी बच्चे टंकी पर चढ़े ही थे कि अचानक एक सीढ़ी टूट गई।

इससे तीन बच्चे नीचे गिर गए,जिनमें एक की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि दो अन्य गंभीर रुप से घायल हो गए।बाकी दो बच्चे टंकी के ऊपर ही फंस गए और करीब 16 घंटे तक वहीं जिंदगी और मौत के बीच जूझते रहे।टंकी के आसपास दलदल होने के कारण रेस्क्यू में भारी दिक्कत आई।पहले हाइड्रोलिक क्रेन मंगाई गई, लेकिन दलदल के चलते वह टंकी तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद करीब 150 मीटर लंबी अस्थायी सड़क बनाने का काम शुरू हुआ,जिसमें 120 मीटर तक निर्माण हो चुका था।इसी बीच रात करीब 3 बजे बारिश शुरु हो गई,जिससे काम रोकना पड़ा।

हालात को देखते हुए सेना की मदद ली गई।रविवार सुबह 5:20 बजे गोरखपुर से सेना का हेलीकॉप्टर मौके पर पहुंचा और महज 15 मिनट के भीतर टंकी पर फंसे दोनों बच्चों पवन और कल्लू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।रेस्क्यू के बाद दोनों बच्चों को गोरखपुर ले जाया गया,जहां उनका इलाज जारी है।डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना के दौरान जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जीएन और एसएसपी अभिषेक महाजन समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।घायल बच्चों को पहले माधव प्रसाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। फिलहाल घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता की चाह में लोग किस हद तक जोखिम उठाने लगे हैं।


















