प्रेमी के तिलक में पहुंची प्रेमिका, रुकवाई रस्म
# पांच साल के रिश्ते का दावा, समारोह में मचा हंगामा
चंदौली।
तहलका 24×7
जिले के पीडीडीयू नगर में एक तिलक समारोह उस समय हंगामे में बदल गया,जब एक युवती ने मौके पर पहुंचकर रस्म रुकवा दी।मामला अलीनगर थाना क्षेत्र का है,जहां हाईवे किनारे स्थित एक होटल में बीती रात तिलक कार्यक्रम चल रहा था।बताया जा रहा है कि समारोह के बीच पहुंची युवती ने खुद को दूल्हा बने युवक की प्रेमिका बताते हुए दावा किया कि दोनों पिछले पांच वर्षों से संबंध में थे।

युवती का आरोप है कि युवक ने उससे शादी का वादा किया था,लेकिन अब परिवार के दबाव में दूसरी शादी कर रहा है।इस आरोप को लेकर उसने कार्यक्रम स्थल पर विरोध जताया,जिससे अफरा-तफरी मच गई।युवती ने यह भी आरोप लगाया कि उसने पहले ही युवक के खिलाफ यौन शोषण का मुकदमा दर्ज कराया था,जिसमें युवक जेल भी जा चुका है और हाल ही में जमानत पर बाहर आया है।जमानत के बाद ही परिजनों ने उसकी शादी तय कर दी।सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को थाने ले गई।

अधिकारियों के अनुसार मामला पहले से न्यायालय में विचाराधीन है,इसलिए आगे की कार्रवाई कोर्ट के निर्देश पर की जाएगी। घटना के बाद युवती ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए।उसका कहना है कि शिकायत को नजरअंदाज किया गया और सुरक्षा देने के बजाय उसे हाईवे पर छोड़ दिया गया।साथ ही उसने एक पुराने मामले का जिक्र करते हुए मऊ जिले में कुछ लोगों द्वारा केस वापस लेने के लिए दबाव और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया।


















