प्रेम प्रसंग और चुनावी रंजिश में युवक की हत्या
# 36 घंटे में पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को किया गिरफ्तार
चंदौली।
तहलका 24×7
जिले के जोगिया कला गांव में हुए चर्चित ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है।चकिया पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी सुनील यादव उर्फ कवि को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली।पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे कथित प्रेम प्रसंग और आगामी ग्राम प्रधान चुनाव से जुड़ी प्रतिष्ठा का विवाद प्रमुख कारण रहा।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि 5 जून की रात जोगिया कला निवासी बेचई उर्फ बृजेश यादव (34) अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे।इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से उनकी गर्दन पर हमला कर हत्या कर दी।घटना के बाद थाना चकिया में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु की गई।विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक की पत्नी का गांव के ही सुनील यादव उर्फ कवि के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था।

इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।पुलिस के अनुसार हाल के दिनों में बृजेश यादव कथित संबंधों की चर्चा सार्वजनिक रुप से करने लगे थे,जिससे आरोपी की सामाजिक छवि प्रभावित हो रही थी।जांच में यह भी सामने आया कि सुनील यादव आगामी प्रधानी चुनाव की तैयारी कर रहा था और उसे आशंका थी कि इस मामले के कारण उसकी प्रतिष्ठा और चुनावी संभावनाओं को नुकसान पहुंच सकता है। इसी कारण उसने बृजेश यादव की हत्या की साजिश रची।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अहरौरा से नई कुल्हाड़ी खरीदी और रात में सो रहे बृजेश पर हमला कर दिया। वारदात के बाद उसने हथियार अपने खेत में छिपा दिया और घर लौट गया।मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मोकरम बंधी के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई।एसपी ने बताया कि मामले के सफल अनावरण पर पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।


















