बर्थडे पार्टी में बुलाकर दोस्तों ने की युवक की हत्या,चाकुओं से गोदकर उतारा मौत के घाट
गाजियाबाद।
तहलका 24×7
क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र स्थित न्यू शांति नगर में दोस्ती को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है।जन्मदिन की पार्टी के बहाने बुलाए गए एक युवक की उसके ही दोस्तों ने कथित रुप से चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी।घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।मृतक की पहचान मोहित शर्मा के रुप में हुई।

परिजनों का आरोप है कि कुछ समय पहले मोहित की दोस्तों से कहासुनी हुई थी,जिसका समझौता हो गया था,लेकिन आरोपी मन में रंजिश रखे हुए थे और काफी समय से उसकी हत्या की साजिश रच रहे थे।परिजनों के अनुसार,आरोपी पहले मोहित को खाटू श्याम और फिर हरिद्वार भी लेकर गए।इसके दो दिन बाद जन्मदिन मनाने के बहाने उसे अपने घर बुलाया,जहां पहले शराब पिलाई गई और फिर चाकुओं से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।

मृतक के भाई का आरोप है कि छह दोस्तों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।उनका कहना है कि कुछ लोगों ने मोहित को पकड़े रखा,जबकि अन्य ने उसकी छाती पर लगातार चाकुओं से वार किए।वेव सिटी एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि गुरुवार की सुबह करीब 3:30 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि न्यू शांति नगर में मोहित शर्मा को चाकू मार दिया गया है।पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को एमएमजी अस्पताल भेजा,जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और उसके दोस्तों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था।घटना वाली रात पार्टी के दौरान नशे की हालत में गाली-गलौज और विवाद हुआ,जिसके बाद मोहित पर चाकू से हमला कर दिया गया।पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


















