बारिश से जलमग्न हुआ तहसील परिसर, वकीलों ने की धान की रोपाई
पिंडरा, वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
ग्रामीण क्षेत्रों में दो दिन से हो रही बारिश से जहां किसानों के चेहरे खिल गए वहीं आम जनजीवन प्रभावित हो गया। जगह जगह पेड़ गिरने से जहां आवागमन बाधित हुआ वहीं तहसील परिसर के जलमग्न होने पर वकीलों ने धान की रोपाई कर आक्रोश जताया।

तहसील परिसर जलमग्न होने के कारण वकीलों व वादकारियों के साथ फरियादियों को कठिनाई का सामना करना पड़ा। जिससे आक्रोशित वकीलों ने परिसर में धान की रोपाई कर विरोध जताया। एसडीएम ने समस्या को देखते हुए युद्ध स्तर पर सफाई कार्य कराया और सफाईकर्मियों ने दो घण्टे के अंदर नाले की सफाई कर जलजमाव को खत्म किया।

बारिश से पिंडरा कठिराव मार्ग, फूलपुर-सिंधोरा मार्ग, सिंधोरा-गरखड़ा मार्ग व वाराणसी-जौनपुर मार्ग पर रमईपुर में विशाल पेड़ गिरने से घण्टे भर जाम रहा। जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई, वहीं जगह जगह बाजारों व स्कूलों में जलजमाव की स्थिति दिखी। बारिश से एक तरफ जहां गर्मी से राहत मिली वहीं दूसरी तरफ धान की रोपाई भी जोरो पर होने लगी।

इस दौरान पूर्व अध्यक्ष पंधारी यादव, जवाहरलाल वर्मा, श्रीनाथ गोंड़, मनोज श्रीवास्तव, अमर सिंह पटेल, अशोक कुमार, रामभरत यादव, अरुण दुबे, अश्वनी सिंह आदि वकील रहे।

















