भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर किया विरोध प्रदर्शन
# हिन्दू धर्म एवं ब्राह्मण समाज पर अमर्यादित टिप्पणी एवं वीडियो वायरल करने के मामले में दर्ज हुआ था मुकदमा
सुइथाकला, जौनपुर।
राजेश चौबे
तहलका 24×7
धर्म-जाति पर आधारित अमर्यादित वीडियो वायरल करने और टिप्पणी पर दर्ज हुए मुकदमें के विरोध में भीम आर्मी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर विरोध जताया और अपने पक्ष से मुकदमा लिखाने की मांग करने लगे।डीह अशरफाबाद गांव निवासी चन्द्रसेन पुत्र बुलबुल द्वारा सवर्ण विरुद्ध अमर्यादित टिप्पणी करने के साथ ही ब्राह्मण जाति पर अमर्यादित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था।

वायरल वीडियो से आक्रोशित सवर्ण समाज द्वारा थाने पर शिकायत की गई, जिससे आरोपित चन्द्रसेन और सुलतानपुर जनपद के करौंदीकला थाना क्षेत्र स्थित पहाड़पुर निवासी अनिल पुत्र संपति, गौरा टिकरी निवासी शेखर पुत्र राम आसरे के विरुद्ध थाने पर शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

केस दर्ज होने की जानकारी होते ही सैकड़ों की संख्या में भीम आर्मी के लोग थाने पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन कर नारे लगाने लगे। मामले की सूचना पर सवर्ण समाज के लोग भी मौके पर पहुंच गये। दोनों वर्ग आमने-सामने आ गया। हालांकि सम्भ्रान्त लोगों द्वारा सवर्ण समाज के लोगों को समझा-बुझाकर वापस किया गया। भीम आर्मी के लोग नारेबाजी करने लगे, मामला जातीय संघर्ष की तरफ बढ़ता देख एक्शन में आई पुलिस ने भीम आर्मी की भीड़ को थाने से हटाया।

थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि मामले में आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसमें उचित कार्रवाई की मांग को लेकर लोग आए हुए थे, आश्वस्त कर लोगों को वापस भेज दिया गया।


















