महिला पत्रवाहक ने बीडीओ समेत तीन अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप, डीएम ने बैठाई जांच
# अनैतिक मांग,अभद्रता, उत्पीड़न का आरोप। जांच अधिकारियों के पहुंचते ही ब्लॉक में मची खलबली
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
बक्शा ब्लॉक मुख्यालय पर उस समय हड़कंप मच गया जब जिलाधिकारी के आदेश पर गठित जांच टीम एक महिला पत्रवाहक की गंभीर शिकायत की पड़ताल करने पहुंची। महिला ने खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी और लेखाकार पर अनैतिक मांग करने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है।
डीएम को दिए गए प्रार्थना पत्र में महिला ने आरोप लगाया कि अनुचित मांग पूरी न करने पर उसे मानसिक रुप से प्रताड़ित किया जा रहा है, उसके साथ बार-बार अशोभनीय टिप्पणी की जा रही है और बेवजह उसे परेशान किया जा रहा है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी की टीम गठित कर जांच का निर्देश दिया। दोनों अधिकारी जांच के लिए ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे, उन्होंने शिकायतकर्ता महिला, खंड विकास अधिकारी, एडीओ प्रदीप श्रीवास्तव और लेखाकार के बयान दर्ज किए।
हालांकि खंड विकास अधिकारी ने खुद पर लगे आरोपों को बेबुनियाद और दुर्भावनापूर्ण बताया। वहीं जांच अधिकारियों की उपस्थिति और कार्रवाई को लेकर ब्लॉक परिसर में दिनभर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। लोगों की निगाहें अब जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके आधार पर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है। फिलहाल घटना ने तहलका मचा दिया है।

















