मासूम की हत्या में चार और गिरफ्तार,साजिश में परिवार के लोग भी शामिल
गोरखपुर।
तहलका 24×7
खजनी थाना क्षेत्र में 10 वर्षीय मासूम के अपहरण और हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साजिश में शामिल चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया।इनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।इस मामले का मुख्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार होकर जेल भेजा जा चुका है।पुलिस के अनुसार,27 जुलाई को खजनी थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने अपने 10 वर्षीय पुत्र के लापता होने की सूचना दर्ज कराई थी।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु की।जांच में सामने आया कि पड़ोसी सर्वेश भट्ट बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था,जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।जांच में खुलासा हुआ कि वारदात किसी एक व्यक्ति ने नहीं,बल्कि पूर्व नियोजित साजिश के तहत अंजाम दी गई थी।

इसी क्रम में पुलिस ने हरिनारायण शर्मा,सत्येन्द्र कुमार भट्ट उर्फ जिले,अनामिका शर्मा और बबली शर्मा को गिरफ्तार किया।पुलिस का कहना है कि पूछताछ में इन सभी की भूमिका साजिश रचने और मुख्य आरोपी का सहयोग करने में सामने आई है।सभी आरोपियों के विरुद्ध अपहरण और हत्या समेत संबंधित गंभीर धाराओं में कार्रवाई कर न्यायालय भेज दिया गया।इस जघन्य हत्याकांड के खुलासे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि मामले की विवेचना जारी है और अपराध में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।


















