मुख्यमंत्री योगी की कैबिनेट के 16 प्रस्तावों पर मुहर,विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे को मंजूरी
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई उत्तर प्रदेश कैबिनेट बैठक में 16 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।बैठक में बुनियादी ढांचे,महिला कल्याण,गृह,उच्च शिक्षा,परिवहन,राज्य कर,स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन तथा सहकारिता विभाग से जुड़े अहम फैसले लिए गए।कैबिनेट ने 117 किलोमीटर लंबे विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण को हरी झंडी दे दी।

यह लिंक एक्सप्रेसवे प्रयागराज से सोनभद्र तक प्रस्तावित लगभग 330 किलोमीटर लंबे विंध्य एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा।इसके अलावा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की गई।बैठक में इन एक्सप्रेसवे परियोजनाओं के निर्माण के लिए ईपीसी
(इंजीनियरिंग,प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन)मोड पर विकासकर्ताओं के चयन के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।

कैबिनेट ने महिला कल्याण,गृह,उच्च शिक्षा,राज्य कर, परिवहन,स्टांप,रजिस्ट्रेशन तथा सहकारिता विभागों से संबंधित कई अन्य प्रस्तावों पर भी मुहर लगाई।इसके साथ ही उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र 3 अगस्त से 6 अगस्त तक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।इस दौरान राज्य सरकार अपने विधायी कार्यों को निपटाएगी।वहीं,विपक्ष राम मंदिर चढ़ावा चोरी सहित विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है,जिससे मानसून सत्र के दौरान सदन में तीखी बहस और हंगामे के आसार जताए जा रहे हैं।


















