वाराणसी: फर्जी दस्तावेजों से सेना में भर्ती होने वाला नेपाली युवक गिरफ्तार
# 2017 से चल रही थी तलाश, एटीएस को मिली कामयाबी
वाराणसी।
मनीष वर्मा
तहलका 24×7
सेना भर्ती में फर्जीवाड़ा करने वाले 25 हजार के इनामी शिवांश बलियान (नेपाली नाम सागर शाही) को एटीएस वाराणसी यूनिट ने बिहार के आरा से गिरफ्तार किया। नेपाली नागरिकों की कूटरचित भारतीय पहचान बनाकर गोरखा रेजीमेंट में भर्ती होने के आरोप में लखनऊ के एटीएस थाने में धोखाधड़ी सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज था। सेना से यह भगोड़ा घोषित था।

एटीएस वाराणसी फील्ड इकाई के अनुसार साल 2015-16 में छावनी स्थित 39 जीटीसी में हुई सेना भर्ती के दौरान एक रैकेट द्वारा कुछ नेपाली युवकों को उनके भारतीय नाम व निवास प्रमाण पत्र बनवाकर भर्ती कराया और फर्जी दस्तावेजों का अपने भारतीय सहयोगियों की मदद से सत्यापन भी करा लिया। इस बीच यूपी एटीएस को यह सूचना मिली तो कुछ युवकों के नाम सामने आए। इसके बाद साल 2017 में लखनऊ एटीएस थाने में सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। इसी मुकदमे में जांच के दौरान सामने आए आरोपियों, जो सेना में भर्ती हो चुके दिलीप गिरी (नेपाली नाम- विष्णु भट्टराई) को 39 जीटीसी से गिरफ्तार किया गया था।

















